अशोकनगर: नाटककार स्वदेश दीपक के लिखे सुप्रसिद्ध नाटक "कोर्ट मार्शल" को अशोक नगर इप्टा ने बहुत ही समर्पण भाव तथा कड़े अभ्यास से इस नाटक को तैयार करते हुए बहुत ही सालों बाद पुनः मंचन करते हुए इसके 3 अगस्त 2026 से 23 अगस्त, 2026 के बीच लगभग 5 प्रदर्शन रंग आंगन कलाघर, ऋषभदेव नगर विदिशा रोड बायपास, अशोकनगर में किये हैं।
भारतीय जन नाट्य संघ ( इप्टा ) की अशोकनगर इकाई ने स्वदेश दीपक के चर्चित नाटक "कोर्ट मार्शल" के पांच श्रृंखलाबद्ध प्रदर्शन किए। रंगकर्म के क्षेत्र में इस सक्रियता ने अशोकनगर में एक नयी सांस्कृतिक वातावरण का निर्माण किया ।
सर्व प्रथम 2003 में हुआ था मंचन: जबलपुर के रंगकर्मी अरुण पाण्डेय ने भारतीय जन नाट्य संघ की ग्रीष्म कालीन बाल एवं किशोर नाट्य कार्यशाला नेहरू बाल उद्यान में तैयार कराया गया था । उस समय भी नाटक के तमाम प्रदर्शन किये गए थे । सामाजिक असमानता को अपनी तरह से व्यक्त करने वाले इस नाटक का डिज़ाइन अरुण पाण्डेय की दृष्टि को अपनाते हुए कुछ पात्रों सहित कर्नल सूरत सिंह के गेटअप में परिवर्तन किया गया। जिससे सार्वजनिक जीवन और समाज में इसका ध्रुमपान नहीं करने का संदेश भी प्रबल हुआ है। क्योंकि पाण्डेय के निर्देशन वाला कर्नल सूरत सिंह पूरे नाटक में चुर्ट का धुआं उड़ाता हुआ कमजोर पात्र लगता था। किंतु इस नाटक में जो कर्नल सूरत सिंह है वो पगड़ीधारी सिख है ,जिसके हाव-भाव को संजय माथुर ने बहुत ही कुशलता पूर्वक अभिनित करते हुए सफलता की ऊंचाई पर पहुंचाया। वहीं इस नाटक में नए - पुराने कलाकारों के साथ साथ महिला पात्रों को भी अवसर प्रदान करने का सफल प्रयोग किया गया।
नाटक के प्रमुख पात्र: कर्नल सूरत सिंह - संजय माथुर, कैप्टन विकास राय की भूमिका में पंकज दीक्षित, कैप्टन पुरी की भूमिका में सीमा राजोरिया । तथा अन्य भूमिकाओं में विनोद शर्मा , बृजेंद्र रघुवंशी, अफरोज , भानूप्रकाश रघुवंशी, अरबाज , कबीर , गिरिराज और ध्रुव के उल्लेखनीय रूप से अभिनित किया।
वहीं नाटक का संगीत पक्ष रामदुलारी शर्मा(जीजी) बहुत प्रतिबद्धता से निर्वाह किया। मंच - प्रकाश नियंत्रण हरिओम राजोरिया ने , तथा रुप सज्जा माया खैरा एवं संजय माथुर और वस्त्र विन्यास अरबाज व कुश ने तैयार कराये ।
रंगकर्म के क्षेत्र में फिर से कोर्ट मार्शल की सफल प्रस्तुतियों ने रंगमंच प्रेमियों के बीच एक नया सांस्कृतिक माहौल को बना दिया जिसकी कमी अक्सर अशोक नगर में बनी हुई थी !
समीक्षा: अशोकनगर में इप्टा के 'कोर्ट मार्शल' ने झकझोरा-डॉ.डी.एस.संधु
अशोकनगर (म.प्र.): इप्टा, अशोकनगर द्वारा 3 से 23 अगस्त तक 'कोर्ट मार्शल' के 5 शो की श्रृंखला का सफल मंचन किया गया, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
स्वदेश दीपक के इस कालजयी नाटक में जाति और सत्ता के गठजोड़ को बेनकाब किया गया है। अशोकनगर इप्टा के इस मंचन में चार कलाकारों ने दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई:
1.कर्नल सूरत सिंह के रूप में संजय माथुर: अनुशासन और मानवीय द्वंद्व के बीच फंसे कर्नल की भूमिका में उनका संतुलित अभिनय सबसे प्रभावशाली रहा।
2. बी.डी. कपूर की भूमिका में कबीर राजोरिया:: सामंती अहंकार और जातिगत श्रेष्ठता के प्रतीक के रूप में उनका अभिनय दर्शकों में आक्रोश पैदा करने में सफल रहा।
3. रामचन्द्र के रोल में कुश चावड़ीकर: पूरे नाटक की आत्मा। दलित सैनिक के अपमान, पीड़ा और अंत में प्रतिरोध को कुश ने जिस सच्चाई से जिया, उस पर हर शो में तालियों की गड़गड़ाहट गूंजी।
4. संतरी के रूप में ध्रुव शर्मा: छोटी भूमिका में भी अपनी उपस्थिति से उन्होंने मंच को जीवंत रखा।
निष्कर्षत: इप्टा अशोकनगर का यह प्रयास सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का कार्य है। 5 शो तक दर्शकों का लगातार आना इसकी सफलता का यह बहुत बड़ा प्रमाण है।