अशोकनगर:(नसीरखान)जिला मुख्यालय के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में युवक और युवती के शव मिलने से शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है।
कार में मिले शव:
पुलिस द्वारा जारी किए प्रेस नोट के अनुसार, घटना 24 जून 2026 की रात की है। मुस्कान जैन (24 वर्ष) और ऋतिक सोनी (26 वर्ष) दोनों अपनी कार से इमला की तरह गए थे। बाद में दोनों के शव टोल प्लाजा से पहले सड़क किनारे खड़ी कार के अंदर मिले। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की। घटनास्थल से पुलिस को कुछ हथियार, आपत्तिजनक सामग्री, और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
जांच के विभिन्न पहलू:
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक युवक और युवती एक-दूसरे को जानते थे। पुलिस घटना के पीछे के सभी संभावित कारणों की तलाश कर रही है। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर देहात थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के लिए SIT गठन:
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी विवेक शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया है। इस टीम में कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान, सायबर सेल प्रभारी नरेश रावत, महिला सेल प्रभारी रितु चौहान और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टीम वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल सबूतों और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मिले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- Home
- युवक-युवती के शवों की जांच करने एस आई टी गठित !